अभिनेत्री जयश्री गडकर की 29 अगस्त को यानि आज 13वीं पुण्यतिथि है। जयश्री ने अपनी सुंदरता और अभिनय के दम पर पांच दशकों तक दर्शकों के दिल पर राज किया। जयश्री का जन्म 21 मार्च 1942 को कर्नाटक के कारवार जिले के सदाशिवगढ़ गांव में एक साधारण कोंकणी परिवार में हुआ था। उन्हें मीना, बाद में जया और फिर जयश्री के नाम से जाना जाने लगा।
जयश्री को शुरू से ही नृत्य और गायन के अपने प्रेम के कारण उनका कला के क्षेत्र में विशेष झुकाव था। उन्होंने कम उम्र में ही डांस सीखना शुरू कर दिया था। इसके लिए उन्होंने गोपी कृष्ण से कथक सीखा और बाद में गायन की भी शिक्षा ली।उन्होंने अपनी एक आत्मकथा में बचपन में चोरी से फिल्में देखने की यादें साझा की हैं।
जयश्री ने मराठी फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम करना शुरू कर दिया था। इनकी पहली फिल्म ‘तमाशा’ थी। इसके बाद साल 1955 में वी. शांताराम की फिल्म ‘झनक झनक झनक पायल बाजे’ एक गाने में अभिनेत्री डांस करने वाली युवतियों में से एक थीं। उस समय उनकी उम्र महज 13 साल थी। उन्होने पहली बार रूसी नेता ख्रुश्चेव के भारत आने के मौके पर पुणे में एक समारोह में नृत्य किया था।
इस दौरान पुणे के एक फोटोग्राफर राम देवताले ने जयश्री गडकर की तस्वीरें लीं और उन्हें अपने स्टूडियो में लगा दिया। इन तस्वीरों को दिनकर पाटिल ने देखा और उन्हें फिल्म ‘दिसत तसन नसत’ में डांस करने का मौका मिला। इसी दौरान राजा परांजपे ने जयश्री गडकर को देखा और उन्हें फिल्म ‘गठ पड़ली थाका थाका’ में अभिनय करने का मौका मिला।
जयश्री की हिट फिल्मों में ‘सांगते एका’, ‘अवगाची संसार’, ‘मानिनी’ शामिल हैं। इसके अलावा जयश्री गडकर ने ‘ससुराल’, ‘लव कुश’, ‘डिटेक्टिव’, ‘संपूर्ण महाभारत’, ‘जियो तो ऐसे जियो’ जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।मराठी और हिंदी में बल्कि गुजराती, तमिल, भोजपुरी और पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया है
जयश्री गडकर ने साल 1975 में मशहूर अभिनेता बाल धुरी से शादी की थी। लेकिन, उन्होंने शादी के बाद भी अपना अभिनय जारी रखा। दोनों ने मशहूर सीरियल ‘रामायण’ में भी साथ काम किया। इसमें दशरथ का किरदार बाल धुरी ने निभाया था और माता कौशल्या की भूमिका में जयश्री गडकर नजर आईं।
जयश्री गडकर ने लगातार तीन वर्षों तक राज्य सरकार की ओर से अपनी फिल्म ‘साधी मनसन, पटलची सून, थंब लक्ष्मी कुंकू लवते’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी जीता था। इस बेहतरीन अदाकारा ने 29 अगस्त, 2008 को दुनिया को अलविदा कह दिया था।



































