मप्र के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर का रविवार शाम को निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे और उनका इलाज
भोपाल के चिरायु अस्पताल में चल रहा था। उनका ऑक्सीजन लेवल लगातार कम बना हुआ था, जिसके बाद रविवार शाम उन्होंने चिरायु अस्पताल में अंतिम सांस ली। इसकी कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने पुष्टि की। उनके निधन पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा ‘पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के दुखद निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक व व्यथित करने वाला है। वे मेरे बेहद प्रिय होकर, सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी व पार्टी के प्रति बेहद निष्ठावान व समर्पित थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार व मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।



































