प्रयागराज- सोमवार शाम अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत नरेंद्र गिरि ने अपने मठ बाघंबरी गद्दी में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमे महंत ने लिखा है कि वह अपने एक शिष्य से दुखी थे। पुलिस ने उनकी मौत के मामले में उनके पुराने शिष्य आनंद गिरि समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (एबीएपी) के प्रमुख महंत नरेंद्र गिरि के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी. अंतिम श्रद्धांजलि के लिए उनकी पार्थिव देह बाघंबरी मठ में रखी गई है.
अंतिम श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज की दुखद घटना से हम व्यथित हैं. इसीलिए संत समाज व प्रदेश सरकार की ओर से उनके प्रति विनम्र श्रद्धांजलि के लिए मैं यहां उपस्थित हुआ हूं. अखाड़ा परिषद व संत समाज की उनकी सेवा अविस्मरणीय है. मुझे याद है कि प्रयागराज को 2019 में इसे वैश्विक मंच पर मान्यता मिली, इस कुंभ से जुड़ी हुई एक-एक घटना को आम जनमानस व श्रद्धालुओं की भावना के अनुरूप कैसे हम वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के प्रयत्न करें, इसके लिए हमें उनका पूरा सहयोग मिला था. प्रयागराज कुंभ के आयोजन में उन्होंने पूरा योगदान दिया.’



































