मुंबई। 24 जनवरी की शाम श्री शकील जमाली के सम्मान में मुंबई जुहू में काव्यसंध्या का सफल आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मेज़बानी कविता गुप्ता और डॉ0 प्रज्ञा शर्मा ने की।
लेखक व अभिनेता अतुल तिवारी, व्यवसायी अशोक बिंदल ने श्री शकील जमाली का स्वागत सम्मान किया। शकील जमाली ने काव्य पाठ के साथ ही श्रोताओं द्वारा पूछे प्रश्नों का सारगर्भित उत्तर दिया। कविता गुप्ता ने तिब्बत की विषमताओं को उकेरती कविताओं से सबका ध्यान आकर्षित किया। अतुल तिवारी की कविता ‘आई एम सौरी शान्ता’ को श्रोताओं की विशेष सराहना मिली। डॉ0 प्रज्ञा ने अपने चिरपरिचित अंदाज़ में दाद बटोरी। जीतेश वैश्य ने अपने मुख़्तसर क़लाम से अपनी छाप छोड़ी। अर्चना जौहरी, नवीन जोशी नवा, पवन कुमार ने अपनी सारगर्भित कविताओं से श्रोताओं के दिलोदिमाग़ पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। विविध भारती के आरजे यूनुस खान ने अपनी पुरकशिश आवाज़ में कार्यक्रम का सफ़ल संचालन किया। प्रतिदिन सूरज पर एक कविता लिखने के कारण यूनुस खान ने अशोक बिंदल को सूरज बाबा के ख़िताब से नवाज़ा।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों में पर्यावरण संरक्षण के लिए नेशनल अवॉर्ड प्राप्त नुसरत खत्री व अफ़ज़ल खत्री, टीवी अभिनेत्री विश्वप्रीत कौर,
जयपुर की रंगकर्मी कुशा मालिक, उद्योगपति विकास गुप्ता, अशोक नागपाल, राजन महरोत्रा नीता गुप्ता आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रज्ञा शर्मा ने किया। कार्यक्रम को मिली सराहना को देखते हुए ध्रुवाईका फाउंडेशन भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करने हेतु प्रतिबद्ध है।



































